- Hindi News
- Career
- Krunal Pandya Player Of The Final In Ipl 2025 Check Complete Profile
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहली बार IPL का टाइटल जीत लिया है। टीम ने मंगलवार को फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराया। इस मैच में क्रुणाल पांड्या प्लेयर ऑफ द फाइनल बने। उन्होंने 17 रन देकर 2 विकेट लिए जिसमें जोश इंग्लिश और प्रभसिमरन सिंह के अहम विकेट शामिल थे।

क्रिकेट के लिए छोड़ दी थी पढ़ाई
क्रुणाल का जन्म 24 मार्च 1991 को गुजरात के सूरत के छोरयासी गांव में हुआ। उनके पिता हिमांशु पंड्या बिजनेस करते थे और मां नलिनी पांड्या हाऊसवाइफ थीं।
वडोदरा में क्रुणाल एमके हाई स्कूल में पढ़ते थे लेकिन उन्होंने पढ़ाई पूरी करने से पहले ही स्कूल जाना बंद कर दिया। क्रुणाल दरअसल पूरा फोकस क्रिकेट पर करना चाहते थे और इसमें कोई डिस्ट्रेक्शन उन्हें पसंद नहीं था।
क्रुणाल ने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू साल 2016 में किया। 2016-17 रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट वो वड़ोदरा की ओर से खेले थे। 2016 IPL में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा। 2018 के IPL ऑक्शन में उन्हें मुंबई इंडियंस ने वापस साइन किया।
IPL 2022 में क्रुणाल को 8.25 करोड़ रुपए में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने खरीदा। 2025 के IPL ऑक्शन में 5.75 करोड़ रुपए में RCB ने क्रुणाल को टीम में शामिल किया था।
IPL के इतिहास में फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच दो बार जीतने वाले क्रुणाल पहले खिलाड़ी हैं। IPL 2025 से पहले 2017 के फाइनल में भी वो ये टाइटल अपने नाम कर चुके हैं।

कोच ‘मैगी ब्रदर्स’ कहते थे
शुरुआती दिनों में पांड्या परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। परिवार सूरत में रहता था और पिता यहीं गाड़ियों के फाइनेंस का काम करते थे लेकिन कुछ ही समय बाद बिजनेस डूब गया और परिवार वडोदरा आकर बस गया।
वडोदरा में क्रुणाल ने छोटे भाई हार्दिक पांड्या के साथ किरण मोरे की क्रिकेट एकेडमी जॉइन की। यहां किरण मोरे इन दोनों भाईयों को ‘मैगी ब्रदर्स’ कहते थे। दरअसल, लंबी प्रैक्टिस के बीच भूख लगने पर दोनों भाई हमेशा मैगी ही खाया करते थे, इसलिए एकेडमी में उनका यह नाम पड़ा।

2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया
2018 में क्रुणाल पांड्या को भारत की T20 इंटरनेशनल टीम में वेस्ट इंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले टूर्नामेंट के लिए सिलेक्ट किया गया था। 18 नवंबर को उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला। इस दौरान क्रुणाल ने 1 विकेट लिया और 9 बॉल में 21 रन बनाए थे।
मार्च 2021 में क्रुणाल को भारत की वन डे इंटरनेशनल टीम में शामिल किया गया। इंग्लैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के लिए उन्हें टीम में जगह मिली।
23 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने अपना ODI डेब्यू किया। इस मैच में क्रुणाल ने 26 बॉल में 58 रन बनाए थे। ODI मैच में डेब्यू करने वाले किसी क्रिकेटर के लिए ये फिफ्टी सबसे ज्यादा तेज थी।
——————

ऐसी ही और खबरें पढ़ें…
राष्ट्रपति की पहली महिला ADC बनीं नौसेना की यशस्वी सोलंकी:हरियाणा की रहने वाली हैं, 2012 में शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत भर्ती हुई

भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर यशस्वी सोलंकी को राष्ट्रपति का एड-डी-कैंप (ADC) नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति आर्म्ड फोर्सेज का सुप्रीम कमांडर होता है। यह पहला मौका है जब नौसेना की किसी महिला अफसर को सुप्रीम कमांडर के एड-डी-कैंप क पद दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…